हाथरस: सहपऊ का वह अस्पताल, जिसे कोरोना रोगियों के लिए चयनित किया गया।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब स्टेज 2 वाले कोरोना के मरीजों के लिए सहपऊ के श्रीराम हॉस्पिटल को कोविड-19 एल-2 अस्पताल को शासन ने मजूरी दे दी है। यहां पर 150 बेड और तीन वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है। अब स्थानीय अधिकारी भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।
जिले में कई क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं। इसमें काफी लोगों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं मुरसान सीएचसी को कोविड-19, एल-1 अस्पताल बनाया गया है, यहां पर अभी तक एल-2 के रोगियों को भर्ती किए जाने की सुविधा नहीं थी, क्योंकि एल-2 के रोगी के लिए वेंटिलेटर की सुविधा होना अति आवश्यक है। इसी बात को लेकर अब शासन ने सहपऊ के श्रीराम हॉस्पिटल को एल-2 का अस्पताल बनाए जाने की मंजूरी दे दी है।
यहां पर अस्पताल में 150 बेड और तीन वेंटिलेटर की सुविधा है। इसको लेकर सीएमओ को प्रमुख सचिव अमित मोहन ने पत्र भेजा है। सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि श्रीराम हॉस्पिटल सहपऊ को कोरोना -19, एल-2 अस्पताल के लिए चुना गया है। अस्पताल में मौजूद सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी कर, इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि श्रीराम हॉस्पिटल को एल-2 अस्पताल बनाए जाने पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।