हाथरस : एमडी टीबी अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब जिले के टीबी रोगियों को जल्द ही आईपीडी एवं ओपीडी की सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएगा। शासन के निर्देश और जनप्रतिनिधियों से हुई वार्ता के बाद टीबी रोगियों की संपूर्ण देखभाल के लिए एमडी टीबी अस्पताल को दोबारा क्रियाशील किया जा रहा है। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मंजीत सिंह ने टीबी हॉस्पिटल और जिला क्षय रोग केंद्र सहित बीएसएल प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।
सीएमओ ने रोगियों की आवश्यकता के अनुरूप पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और बृहस्पतिवार से टीबी अस्पताल की समस्त सेवाओं को पुन: सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। जिला क्षय रोग केंद्र के निरीक्षण में मुख्य चिकित्साधिकारी ने एनटीईपी कार्यक्रम के समस्त इंडीकेटरों की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश दिए।
जिला क्षय रोग केंद्र पर साफ-सफाई की सुचारू रूप से व्यवस्था के लिए एक सफाई कर्मचारी को तैनात या संबद्ध कराने के निर्देश दिए। बीएसएल प्रयोगशाला के निरीक्षण में मिलीं खामियों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान डॉ. प्रवीन कुमार भारती जिला क्षय रोग अधिकारी, डीपीसी, डीईओ, एसटीएस एवं एसटीएलएस, अंशुमान गोयल आदि मौजूद रहे। संवाद