न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रसोई गैस के दामों में हर महीने हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों की किचिन का बजट गड़बड़ा गया है। रसोई गैस सिलिंडर के दाम 819 रुपये से 25 रुपये बढ़कर 845 रुपये तक पहुंच गए हैं। कीमतों में वृद्धि से महिलाओं से लेकर आम लोगों तक को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। लोग सरकार से खाद्य वस्तुओं व रसोई गैस की कीमतों को कम करने की मांग भी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में काम-धंधे चौपट हो गए हैं। लोगों के पास आर्थिक संकट गहरा गया है। इधर, महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। एक तरफ सरकार उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को गैस सिलिंडर दे रही है तो दूसरी तरफ हर माह रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी हो रही है। आमजन के लिए एलपीजी गैस सिलिंडर खरीदना मुश्किल हो गया है। बढ़ती महंगाई को लेकर लोग सरकार को कोस रहे हैं।
सरकार को खाद्य वस्तुओं के अलावा एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में कमी लानी चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिले। गैस सिलिंडर के दामों को 500 से छह सौ 600 रुपये के बीच लाना चाहिए।
-सुनील शर्मा, ग्राहक।
आज के समय में एलपीजी गैस आम आदमी की दिनचर्या का जरूरी हिस्सा है। सरकार द्वारा हर माह गैस के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। गैस के बढ़ते दामों से रसोई का बजट बिगड़ रहा है। खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
-रविकांत दीक्षित ग्राहक।