उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था अब और मजबूत होगी। स्टेशन को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। स्टेशन परिसर में करीब 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनकी मदद से स्टेशन की गतिविधियों की निगरानी होगी।
हाथरस जंक्शन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही होती है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों की भीड़ भी रहती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे ने स्टेशन परिसर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के रेलटेल विभाग की ओर से कैमरे लगाने का काम कराया जा रहा है। स्टेशन के प्लेटफाॅर्म और यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों को कैमरों की निगरानी में लाने की तैयारी है। इससे स्टेशन परिसर में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी घटना की स्थिति में जांच में भी मदद मिल सकेगी।
रेलवे की ओर से जुलाई माह के अंत तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम पूरा करने की तैयारी की जा रही है। कैमरों की निगरानी शुरू होने के बाद हाथरस जंक्शन स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।