न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र में रूई की मंडी स्थित मोबाइल फोन की दुकान में घुसकर दो नामजदों ने दुकान स्वामी के साथ मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में घायल दुकानदार का पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज कराया। इस मामले में पुलिस ने दो नामजदों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
शहर की रुई की मंडी निवासी सौरभ बंसल पुत्र महेश बंसल की रुई की मंडी मेें ही मोबाइल फोन व एसेसरीज की दुकान है। आरोप है कि रविवार की सुबह नामजद रामू पहलवान निवासी खंदारी गढ़ी व ललित शर्मा निवासी अफोया हाथरस जंक्शन मोबाइल फोन को लेकर बहस करने लगे। इस बीच वह दुकानदार से गाली-गलौज भी करने लग गए। सौरभ ने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए सौरभ के साथ मारपीट कर दी, जिससे सौरभ बुरी तरह से जख्मी हो गया।
हंगामा होने पर बाजार के अन्य दुकानदार भी मौके पर आ गए। खुद को घिरता देख आरोपी वहां से भाग गए। आरोप है कि जाते-जाते आरोपी दुकानदार को जान से मारने की धमकी दे गए। कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद राठी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। लूट वाली कोई बात नहीं है। मोबाइल की कीमत को लेकर दो दिन-तीन दिन पहले विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट की है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।