न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोराना संक्रमण की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। ऐसे में रोडवेज प्रवासियों का सारथी बना हुआ है। हाथरस डिपो ने प्रवासियों को घर पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को हाथरस डिपो ने पूर्वांचल के प्रवासियों को पहुंचाने के लिए एक दर्जन बसें दिल्ली के लिए भेजी। साथ ही संक्रमण को लेकर चालक-परिचालकों को खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि संक्रमण को देखते हुए प्रवासियों की घर वापसी की शुरुआत हो गई है। वहीं हाथरस डिपो ने भी पूर्व की तरह लोगों को घर पहुंचाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पांच बसें दिल्ली भेजी गई थी। अब शनिवार को हाथरस से दिल्ली के लिए एक दर्जन बसें भेजी गई।
इन बसों का संचालन करने वाले चालक परिचालकों को मास्क सैनिटाइजर का प्रयोग करने के साथ खास एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। इस मामले में स्टेशन प्रभारी वीरी सिंह का कहना है कि प्रवासियों को पहुंचाने के लिए एक दर्जन बसें दिल्ली को भेजी गई हैं।