न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्रीदाऊजी महाराज मंदिर परिसर का डीएम रमेश रंजन ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व डीएम ने दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा व रेवती मैया के दर्शन किए। मंदिर पुजारी ने मंदिर के प्राचीन इतिहास के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी दी।
डीएम ने समूचे मेला स्थल की व्यापक साफ-सफाई व्यवस्था कराने और मेला पंडाल के चारों ओर जलभराव की स्थिति को दूर करने के लिए नजदीकी नाले तक पानी की निकासी की व्यवस्था करने लिए ईओ नगर पालिका को निर्देश दिए। उन्होंने ईओ नगर पालिका को शौचालयों और खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने मेला आयोजन के लिए समय से चाक-चौबंद इंतजाम करने और सुरक्षा बंदोबस्त सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम ने मेला परिसर में स्थित मुख्य मंदिर, मजार, रिसीवर शिविर, मेला पंडाल, कुश्ती-दंगल स्थल, विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के शिविर स्थलों का भी निरीक्षण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष हाथरस आशीष शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर अंजलि गंगवार, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका डॉ. विवेकानंद आदि मौजूद थे।