न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की डीएम रमेश रंजन ने समीक्षा की। डीएम ने लंबित आवेदनों के बारे में जानकारी ली।
जिला प्रोबेशन डीके सिंह ने बताया कि 11 प्रकरणों पर चर्चा की जानी है। समिति की सहमति से तीन प्रकरणों की स्वीकृति प्रदान की गई। तीन प्रकरणों को पुन: विचार के लिए रखा गया है। समिति की सहमति के आधार पर पांच प्रकरणों को निरस्त किया गया है। डीएम ने लंबे समय से लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों को पूरी गंभीर से लें, जिससे पीड़िता को न्याय और अपराधी को सजा दिलाई जा सके। डीएम ने संबंधित विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के मामलों के ढिलाई बरती जाएगी तो अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा, जिससे अपराधों में बढ़ोतरी होगी। इस प्रकार के आपराधिक मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।