न्याय पंचायत स्तर पर खुलेगी अस्थायी गोशाला
ग्राम पंचायतों की खाली भूमि को गड्ढा खोदकर दें अस्थायी गोशाला का स्वरूप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शासन स्तर से आवारा गोवंश को पकड़ने के लिए ग्राम पंचायतों में अस्थायी गोशाला बनाने के निर्देश जारी किए थे। शुरुआती दौर में ग्राम पंचायतों की खाली भूमि पर गड्ढा कर अस्थायी गोशाला का रूप देने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह प्रयास नाकाफी साबित हुआ।
कुछ दिनों बाद अन्य सुविधाएं नहीं मिल पाने के कारण गोवंश की मौत होने लगी। अन्य गोवंश को ग्रामीणों व अन्य लोगों द्वारा अस्थायी गोशालाओं से निकाल दिया गया। ग्राम पंचायतों में अस्थायी गोशाला नहीं बनने पर शासन ने नाराजगी व्यक्त की।
शासन की नाराजगी को देखते हुए डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक न्याय पंचायत में एक अस्थायी गोशाला का निर्माण कर उसका सही ढंग से संचालन शुरू किया जाए। अस्थायी गोशाला के संचालन की प्रगति के बारे में कार्यालय में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, अन्यथा संबंधित अधिकारी की लापरवाही मानते हुए विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।