न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिंचाई, लघु सिंचाई एवं नलकूप विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की डीएम रमेश रंजन ने समीक्षा की। उन्होंने नहरों की सिल्ट सफाई कराते हुए रोस्टर के अनुसार पानी टेल तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सहायक अभियंता नलकूप विभाग सुमित कुमार ने बताया कि जनपद में राजकीय नलकूपों की संख्या 196 हैं, जिसमें से वर्तमान में चार नलकूप यांत्रिक दोष होने के कारण खराब हैं। इन नलकूपों के माध्यम से जनपद में 4150 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है। डीएम ने खराब नलकूपों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड बलजीत सिंह ने बताया कि हाथरस ब्रांच में 18 नहर हैं, जिन पर सफाई कार्य चल रहा है। 20 किलोमीटर का क्षेत्र सफाई कार्य के लिए शेष है। कार्यों को पूर्ण कराते हुए निर्धारित रोस्टर के अनुसार पानी टेल तक उपलब्ध कराया जाएगा। सहायक अभियंता सिंचाई खंड फिरोजाबाद अनुज यादव ने बताया कि सिंचाई खंड फिरोजाबाद के तहत विकास खंड हसायन में साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी पहुंचाया जा रहा है। पुलियों की मरम्मत के संबंध में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में 3 दिन के लिए नहर बंद की गई थी।
सहायक अभियंता सिंचाई खंड अलीगढ़ गिर्राज सिंह ने बताया कि अलीगढ़ खंड गंगा नहर में 17 कैनाल हैं। जिनमें रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है । पिछले वित्तीय वर्ष में 38 तालाबों की खुदाई कार्य के लिए प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया था। लेकिन शासन द्वारा पूर्व में स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है।