न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने में जिला प्रशासन शिद्दत से जुटा है। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व निजी अस्पताल संचालकों के साथ बैठक की। डीएम ने निजी हॉस्पिटल संचालकों को अधिक से अधिक क्षमता में बेड़ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने दो मई को होने वाली मतगणना की ड्यूटी में लगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की मतगणना से पूर्व शत-प्रतिशत कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक टीम भेजकर संदिग्ध लोगों की जांच करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को अधिग्रहीत निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के आधार पर मास्क, सैनिटाइजर, प्रतिदिन उपयोग होने वाली सामग्री को 15 दिन के लिए अग्रिम उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने एल 1 के तहत चिन्हित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान और सिकंदराराऊ को संचालित करते हुए मरीजों को भर्ती करने के निर्देश दिए।
होम आइसोलेट किए गए मरीजों के परिवारजनों को कोविड मेडिसन किट उपलब्ध कराते हुए किट वितरण की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम छह बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।