न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों, कोविड संक्रमण की स्थिति व प्रभावी नियंत्रण को लेकर शासन से नामित नोडल अधिकारी स्थानिक आयुक्त प्रभात कुमार सारंगी ने डीएम रमेश रंजन के साथ संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
नोडल अधिकारी ने जिले में शासन द्वारा कोविड-19 से संबंधित दिशा-निर्देशों का जिला स्तर पर शत-प्रतिशत अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निगरानी समिति के जरिये लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगरानी समिति प्रतिदिन गावों/ और वार्ड में घर-घर जाकर सर्वे किया जाए।
सीएमओ ने बताया कि आरआर टीम के कार्यों का पर्यवेक्षण जिला स्तर पर एसीएमओ तथा संबंधित एमओआइसी द्वारा किया जा रहा है। नोडल अधिकारी ने कहा कि प्राइवेट हॉस्पिटल द्वारा निर्धारित दरों पर ही इलाज किया जाए। मरीजों से ओवरचार्ज न लिया जाए। उन्होंने किसी प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ से होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों के बारे में जानकारी ली। बैठक के उपरांत नोडल अधिकारी ने एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया।