न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पीएम किसान सम्मान निधि की आठवीं किश्त शुक्रवार को जिले के किसानों के खातों में भेज दी गई हैं। यहां जिले में 1.76 लाख किसानों के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से किश्त की धनराशि भेजी गई है। कोरोना काल में पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त किसानों के लिए आर्थिक राहत पहुंचाने का काम करेगी।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को साल में दो-दो हजार रुपये की तीन किश्तें दी जाती हैं। इसी प्रकार किसान को कुल छह हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। कोरोना महामारी के दौर में आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की सहायता राशि राहत लेकर आई है। यहां कृषि विभाग की ओर से जिले के 1.76 लाख किसानों के खातों को सत्यापित कर शासन को भेजा गया था।
इन किसानों के खाते में शासन स्तर से डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेज दी गई है। वीसी के माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि को लेकर हुए संबोधन का उपकृषि निदेशक कार्यालय में देखा गया। डीडी कृषि एचएन सिंह ने बताया कि जिले के 1.76 लाख किसानों के खातों में धनराशि डीबीटी के माध्यम से पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि करीब एक हजार किसान ऐसे हैं, जिनका खाता बृहस्पतिवार को सत्यापित होकर आया है। इन किसानों के खाते में धनराशि भी जल्द पहुंच जाएगी।