न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ कार्य कर रही है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को किसी ऐसे अपराध की सजा नहीं मिलनी चाहिए, जोकि उसने किया ही न हो। आपराधिक कृत्य में लिप्त दोषी को दंड अवश्य मिलना चाहिए। समाज के गरीब, पिछड़े और कमजोर वर्गों के लोगों को लाभ दिया जा रहा है। उक्त बातें उत्तर प्रदेश एससी एसटी आयोग के सदस्य ओम प्रकाश नायक ने अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। सरकार लोगों के सम्मान, आर्थिक समृद्धि और तरक्की के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के गरीब, पिछड़े और कमजोर वर्ग के लोगों खासकर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को बड़ी तादाद में मिल रहा है।
विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में ओम प्रकाश नायक ने जिले में विकास कार्यों एवं उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं में शामिल पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार उत्पीड़न योजनांतर्गत लंबित प्रकरणों एवं वित्तीय वर्ष 2020-21, 2019-20 में दी गई आर्थिक सहायता की जानकारी ली।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में वित्तीय वर्ष 2020-21 में 72 पीड़ित व्यक्तियों को 6552500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 81 पीड़ित व्यक्तियों को 5576250 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार उत्पीड़न योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 49 प्रकरण लंबित है जिसमें से हत्या के सात, बलात्कार का एक, छेड़छाड़ के नौ व मारपीट, गाली-गलौज से संबंधित 32 प्रकरण लंबित है। सदस्य ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार उत्पीड़न योजनांतर्गत हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़ तथा मारपीट गाली-गलौज के लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। संवाद