न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा और अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद ने नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में भाग लिया और कोरोना से बचाव के लिए नगर क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
पालिकाध्यक्ष ने मंत्री को बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दिन-रात प्रयास करके नगर में सफाई का कार्य किया जा रहा है। नगर में सैनिटाइजेशन का कार्य भी प्रतिदिन कराया जा रहा है। नगर में कोरोना से बचाव की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की भी स्थापना की गई है, जिससे नगरवासियों को बार-बार साबुन से हाथ धोने, मुंह पर मास्क लगाने व दो गज की दूरी का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जो कर्मचारी सैनिटाइजेशन और सफाई आदि के कार्यों में लगे हैं, उनको मास्क, ग्लब्स एवं सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे यह कर्मचारी सैनिटाइजेशन और सफाई का कार्य बिना किसी रुकावट के कर सकें। ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत नगर में नि:शुल्क आरओ वाटर की सुविधा फिर शुरू की गई है।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि आने वाली वर्षा ऋतु से पूर्व नगर में नाले-नालियों को साफ कराने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या को दूर किया जा सके। नगर विकास मंत्री ने इन कार्यों के लिए नगर पालिका प्रशासन की तारीफ की। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद, सहायक अभियंता डंबर सिंह, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक संदीप भार्गव, रामबहादुर पटेल आदि मौजूद थे।