हाथरस। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 1,925 रुपये से बढ़ाकर 1,975 रुपये कर दिया गया है। गेहूं बेचने में किसानों को परेशानी भी नहीं होगी। मंडी के कर्मी अपने क्रय केंद्र की मदद से गेहूं की खरीद करेंगे, इसलिए अलीगढ़ रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में खाद्य विपणन विभाग और मंडी समिति के दो-दो क्रय केंद्र होंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जिले भर में करीब 56 क्रय केंद्रों की मदद से गेहूं खरीद के लक्ष्य को पूरा किया गया था। इस बार किसानों को फायदा पहुंचने के लिए क्रय केंद्रों की संख्या में इजाफा होगा। इस बार जिले की सासनी, सादाबाद, सिकंदराराऊ और हाथरस कृषि उत्पादन मंडी में कर्मी खुद अपने क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद करेंगे। अब तक हाथरस मंडी समिति में खाद्य विपणन विभाग के दो क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद होती थी। अब मंडी के दो क्रय केंद्र खुलने के साथ कुल चार क्रय केंद्र हो जाएंगे। इस बार समर्थन मूल्य में भी शासन स्तर से बढ़ोतरी की गई है।
पिछले वर्ष जिले के किसानों ने 1,925 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से गेहूं को बेचा था। इस बार 1,975 रुपये समर्थन मूल्य तय किया गया है। पिछले साल की तरह ही पंजीकरण आदि की प्रक्रिया किसानों को अपनानी होगी। डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि इस बार मंडी के कर्मी अपने क्रय केंद्र से गेहूं की खरीद करेंगे। इस बार हाथरस मंडी में दो क्रय केंद्र खाद्य विपणन विभाग और दो मंडी समिति के क्रय केंद्र होंगे। समर्थन मूल्य में 50 रुपये कुंतल की बढ़ोतरी शासन स्तर से की गई है।