न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पूर्वोत्तर रेलवे के हाथरस सिटी स्टेशन पर टिकट खरीद की लाइन में लगने वाले यात्रियों से छिनैती की घटनाएं रुक नहीं रही। सिटी स्टेशन पर लगातार तीन दिन इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन रेलवे पुलिस इस तरह की घटनाओं से लगातार इंकार कर रही है।
हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर दोपहर के समय टिकट लेने वालों की लम्बी लाइनें लगती है। गुरुवार को एक युवक एक महिला से पांच सौ रुपए छीन का भाग खड़ा हुआ था। इस घटना को रेलवे पुलिस द्वारा गंभीरता से न लिए जाने के कारण स्टेशन पर दो बार इस तरह की घटना की फिर हुई। शनिवार दोपहर एक बुजुर्ग व्यक्ति के हाथ में लगे सौ रुपये एक युवक छीनकर भाग खड़ा हुआ। इस पर स्टेशन परिसर में खलबली मच गई।
जीआरपी प्रभारी अब्दुल कादिर का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। मामले को लेकर वाणिज्य अधीक्षक प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि लाइन में लगे यात्रियों से रुपये छीनने की घटनाएं होने की बात सामने आई है, लेकिन यात्री जीआरपी या आरपीएफ के पास क्यों नहीं जा रहे, ये समझ से बाहर है।