न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले कई सालों से नजूल की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हो रहा है। लिहाजा, अब अवैध कब्जा करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नगर पंचायत क्षेत्र में नजूल की सरकारी भूमि की पैमाइश करते हुए इसका चिह्नांकन भी किया गया।
गौरतलब है कि नगर में नजूल की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का खेल चल रहा है। भूमाफिया की हिम्मत इतनी बढ़ चुकी है कि वे नजूल भूमि का फर्जी दस्तावेज बनाकर उस पर अपना हक जताकर उसे लोगों को बेच दे रहे हैं। इस तरह के कई मामले पिछले दिनों उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आए तो टीम गठित कर नजूल की भूमि को कब्जा मुुक्त करने के निर्देश दिए गए। शुक्रवार को एसडीएम राजेश कुमार की देखरेख में नगर में नजूल की सरकारी भूमि की पैमाइश की गई और इसका चिह्नांकन किया गया।
एसडीएम ने बताया कि नगर में नजूल की सरकारी भूमि पर जिन लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं, उनको सख्ती के साथ हटाया जाएगा और कब्जाधारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नजूल की भूमि पर जिन लोगों को पट्टा मिला है, उन पट्टों की जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि कहीं पट्टाधारी ने आवंटित से अधिक रकबे पर कब्जा तो नहीं कर लिया।
पट्टाधारियों के यहां नंबर भी अंकित किया जाएगा। एसडीएम ने इस कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वाले लोगों में खलबली मची रही। पैमाइश तथा चिह्नांकन का कार्य राजस्व और नगर पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार राकेश कुमार चंद्रा, अधिशासी अधिकारी लल्लन राम यादव, राजस्व निरीक्षक देवीशरण शर्मा, डीसी पौरुष, नगर लेखपाल नरेंद्र देव, बृजेश कौशिक, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।