न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ता यदि दो दिन में अपना बकाया जमा कर देंगे तो उन्हें एक माह के बिल में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट मिल जाएगी। जिले के करीब 11 हजार उपभोक्ताओं के कई बार कहने के बाद आज तक बिजली बिल जमा नहीं किया है। विभागीय अधिकारी उपभोक्ताओं से सोशल मीडिया के जरिये बकाया जमा करने की अपील भी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन की अवधि में अधिकांश उद्योग-धंधे बंद रहे। उद्यमियों ने प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन की अवधि में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट देने की मांग की। निगम स्तर से पूरा बिल जमा करने पर एक माह के फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट का लाभ देने का आदेश कर दिया। जून माह में बकाया नहीं आया तो निगम स्तर से इस तिथि को बढ़ा दिया गया।
11 हजार उपभोक्ताओं में से अभी तक पांच हजार उपभोक्ताओं ने बिल जमा किया है, जिन्हें जुलाई माह के बिल में फिक्स व डिमांड चार्ज की छूट मिल गई है। इस श्रेणी में आने वाले रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, मैरिज हॉल, कोचिंग इंस्ट्रीट्यूट, दुकान आदि के करीब छह हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक बिल जमा नहीं किया है। विभागीय अधिकारी लोगों को छूट देने व बकाया को हासिल करने के लिए लोगों से सोशल मीडिया के जरिये बकाया जमा करने की अपील कर रहे हैं। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि करीब छह हजार उपभोक्ताओं ने बकाया जमा नहीं किया है।