हाथरस: नहर में मृत मिले युवक का फाइल फोटो।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तीन दिन पहले नहर में मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। मोहल्ला मधुगढ़ी निवासी युवक अपने दोस्त के साथ नहर में नहाने गया था। जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई और उसका साथी उसे छोड़कर भाग गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच परिजनों ने शव की शिनाख्त की और फिर पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ ले गए।
मोहल्ला मधुगढ़ी निवासी राजेश कुमार (42 वर्ष ) पुत्र रज्जनलाल शनिवार की शाम को अपने दोस्त रोबिन के साथ नहर नहाने अलीगढ़ रोड स्थित नहर पर गया था। रविवार की सुबह नहर में चिंतापुर के निकट एक शव मिला। उसको पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में शिनाख्त के लिए रखवाया। इधर, राजेश कुमार घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
किसी का लावारिस शव मिलने की जानकारी हुई तो परिवार के लोग मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त राजेश कुमार के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि युवक की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। यह बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई है। शिनाख्त के बाद शव परिजनों को दे दिया गया।