न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कोतवाली के गांव मुगलगढ़ी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी से बचाने के लिए गुहार लगाई है। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी उसे डंडे से मारती है। युवक रेलवे में नौकरी कर रहा है। बीबी से तंग आकर वह नौकरी से भाग गया है। पीड़ित की मां ने संपूर्ण थाना दिवस में तहरीर देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
ज्ञान देवी ने संपूर्ण थाना दिवस में बताया कि उसका बेटा संतोष कुमार रेलवे में नौकरी करता है। वर्तमान मे राजस्थान के बूंदी इलाके में काम कर रहा है। वहां पर वो अपनी पत्नी नमिता देवी तथा बच्चों के साथ रह रहा है। उसके सीधेपन का लाभ उठा उसकी पत्नी उससे पूरी तनख्वाह लेने के बाद गाली-गालौच करती है।
डंडे से पीटती है। फोन पर बेटा अपनी पत्नी की करतूत बताता रहता है। मां ने आशंका व्यक्त की है उसकी पत्नी उसे मार कर उसके स्थान पर रेलवे में नौकरी करना चाहती है। पत्नी से तंग आकर वह 15 दिन से लापता है। इधर, संतोष की पत्नी उसे धमकी दे रही है कि मेरे बेटे को भेज दो वरना आने पर उसके हाथ पांव तोड़ दूंगी। प्रकरण को लेकर कोतवाल अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस सर्विलांस के माध्यम से पता करेगी कि लड़का कहां है। संवाद