हाथरस: पत्नी की हत्या का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव दयानतपुर में हुई महिला की मौत का पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलसा किया। प्रेम संबंधों के चलते पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या की और फिर पुलिस को आत्महत्या की सूचना दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्ट्रेंगूलेशन आने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
अलीगढ़ रोड स्थित गांव दयानतपुर निवासी एक व्यक्ति की शादी दिल्ली में बिहार की रहने वाली युवती से हुई। कुछ दिनों तक तो ठीक-ठाक चला, लेकिन इस बीच उसके संबंध उसके जेठ का टेंपो चलाने वाले युवक से हो गए और फिर दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे। कुछ दिनों बाद महिला उसी युवक के साथ कई-कई दिनों तक लापता रहती, लेकिन इस बीच महिला को पता चला कि युवक शादी कर रहा है, जिसके चलते महिला उसके घर पहुंची और फिर जमकर हंगामा हुआ। यहां से लौटकर महिला अपने पति के पास पहुंची। 19/20 मार्च 2020 की सुबह चार बजे पति ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव नीचे पड़ा मिला।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो राज कुछ और ही निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्ट्रेंगूलेशन आने पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश में पुलिस जुट गई। शनिवार की सुबह करीब सवा नौ बजे रुहेरी तिराहा के पास से पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने पर पुलिस को अभियुक्त ने बताया कि उसकी व उसके परिवार की गांव में काफी बदनामी हो रही थी। इसी बदनामी को लेकर पति ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त नरेंद्र कुमार शर्मा को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ मनोज कुमार शर्मा, शांतनु यादव, जितेंद्र मलिक शामिल थे।