हाथरस: दहेज हत्या के आरोप में सादाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया मृतका का पति
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव राजनगर में सोमवार की रात को दहेज की मांग को लेकर हुई गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस पकड़े गए अभियुक्त को जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य नामजदों की भी तलाश में जुटी है।
गौरतलब है सोमवार-मंगलवार की रात को गांव राजनगर में दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर एक गर्भवती महिला अंशू की ससुराल वालों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में ग्राम वहोटा थाना गंजडुंडवारा कासगंज निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह ने कोतवाली में लोकेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह, नागेंद्र पुत्र महावीर सिंह, प्रीति पत्नी नागेंद्र सिंह और चचिया ससुर रामबाबू और सास निवासीगण गांव राजनगर सादाबाद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त मृत महिला के पति लोकेंद्र प्रताप सिंह पुत्र महावीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि अन्य चार नामजदों की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही अन्य सभी नामजदों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।