अग्रवाल सभा के होली मिलन समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। बृज की द्वार देहरी पर होली का पर्व आज धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर और देहात में हर कोई दो दिन के लिए होली के हुड़दंग में डूब जाएगा। होली पर बहरुपिया बनने का भी विशेष क्रेज होता है। जो जितना बड़ा बहरुपिया, वह उतना ही सुंदर लगता है। बुधवार को सुबह से ही शहर की प्रमुख होली पर पूजन करने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ेगी। इधर, महिलाओं ने भी होली पूजन की तैयारी शुरू कर दी। घरों में लजीज पकवान बनाए गए। देर रात से ही होली रखने के लिए आयोजक तैयारी में जुटे हुए थे। होली पर्व को लेकर आज मंदिरों में भी सुबह से शाम तक भक्ति कार्यक्रमों की धूम रहेगी। मंदिर पर भगवान को टेसू के फूलों से सजाया जाएगा। आज से हर कोई दो दिन के लिए होली के हुड़दंग में डूब जाएगा। होली पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदार रहे खुश
होली पर्व को लेकर बाजारों में मंगलवार को सुबह से शाम तक दुकानों पर भीड़ लगी रही। रंग-गुलाल व खाने-पीने के सामान की खूब बिक्री हुई। घरों में भी होली की तैयारी में लोग जुटे रहे। मंगलवार को बाजारों में ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ने से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए थे। मंगलवार को दुकानदारों को खाना खाने की भी फुर्सत नहीं मिली।
शहर के बाजारों में लगा रहा जाम
मंगलवार को शहर के अधिकांश बाजारों में भीड़ के चलते कई बार जाम लगा। शहर के रामलीला मैदान, कमला बाजार, पत्थर बाजार, मुरसान गेट, घंटाघर, बैनीगंज, कमला बाजार, सासनी गेट, पंजाबी मार्केट सहित कई बाजारों में जाम लगा रहा।