हाथरस। नगर पालिका व नगर पंचायतों में स्वकर गृहकर निर्धारण प्रणाली जल्द लागू होगी। शासन स्तर से नियमावली 2021 को मंजूरी मिल गई है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद भवन स्वामी स्वयं अपना गृहकर निर्धारित कर सकेंगे। जिले की नगर पालिका और नगर पंचायतों में इस कर प्रणाली पर जल्द अमल शुरू हो जाएगा। हालांकि नगर पालिका के अधिकारी इस बारे में लिखित आदेश आने का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था से गृहकर और जलकर की वसूली में तेजी आएगी।
उल्लेखनीय है कि (भवन या भूमि दोनों वार्षिक मूल्य कर) में नये और पुराने भवन स्वामियों को बड़ी राहत दी गई है। जैसे दस साल पुराने भवन में अगर भवन स्वामी स्वयं रह रहा है तो उसे 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसी तरह 10 से 20 साल पर साढ़े 32 प्रतिशत और 20 साल से अधिक पुराने भवन पर 40 फीसदी की छूट मिलेगी।
अगर ऐसे भवनों में भवन स्वामी नहीं रहते हैं और वह भवन किराये पर चल रहा है तो दस साल पुराने भवन पर साढ़े 12 फीसदी अधिक गृहकर लिया जाएगा। इस नियमावली से हाथरस शहर व नगर पंचायतों में रहने वाले भवन स्वामियों को काफी राहत मिलेगी। भवन स्वामियों को कर अदायगी के लिए नगर पालिका और नगर पंचायत के कार्यालय के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे।