न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्री दाऊजी महाराज में शुक्रवार की रात महारास एवं ब्रज संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि गौरव दयाल मंडलायुक्त अलीगढ़ ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में लट्ठमार व फूलों की होली ने सबका मन मोह लिया। चरकुला नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
डीएम रमेश रंजन व एसपी देवेश पांडेय ने मंडलायुक्त का प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। नंदकिशोर व संजीव राजपूत ने सभी आंगुतकों का दुपट्टा पहनाकर प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। पवन शर्मा आर्ट के तत्वावधान में कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज वंदना व छप्पन भोग के साथ हुआ। इसके बाद कलाकारों ने मयूर नृत्य, चरी नृत्य प्रस्तुत किया। ब्रज की लट्ठमार व फूलों की होली खेली गई।
चरकुला नृत्य का आयोजन किया गया। इसके अलावा कालबेलिया राजस्थानी झांकी, मंजीरा नृत्य, सुदामा लीला का वर्णन किया गया। दीपक नृत्य, मटका भव नृत्य आदि कार्यक्रम मंचन किया गया। कार्यक्रम में बंसत अग्रवाल, मोइनुल इस्लाम, एसडीएम राजकुमार यादव, मेला प्रभारी विपिन शिवहरे, अंजली गंगवार, सुबोध कुमार, नंदकिशोर, संजीव राजपूत, प्रताप चौधरी, केशव सिंह, सचिन उपाध्याय, रविंद्र शर्मा, मनोज उपाध्याय आदि थे। संवाद