न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ईएमयू पैसिंजर ट्रेन का संचालन शुरू होने से दिल्ली के लिए हर रोज सफर करने वाले यात्रियों की राह अब फिर आसान होगी। एक मार्च से ट्रेन के संचालन को हरी झंडी मिलने के बाद यात्री काफी राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन किराये में वृद्धि को लेकर यात्रियों में नाराजगी भी है। यात्री किराया कम करने की मांग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाथरस से दिल्ली के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी रबड़ी, सब्जी और गारमेंट आदि के कारोबार के सिलसिले में रोज सफर करते हैं। कोरोना काल के चलते किला रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली ईएमयू पैसिंजर ट्रेन कई महीनों से बंद थी, लेकिन अब दोबारा से इसके संचालन की मंजूरी मिलने से कारोबारियों में काफी खुशी है।
उनका कहना है कि अब कारोबार के सिलसिले में दिल्ली के लिए रोजाना आवागमन और सुगम हो जाएगा। यह ट्रेन सुबह छह बजकर दस मिनट पर चलकर सुबह दस बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। शाम पांच बजकर 55 मिनट पर दिल्ली से चलकर रात को रात्रि में नौ बजकर 20 मिनट पर हाथरस आएगी।
रेलवे ने ईएमयू ट्रेन का संचालन शुरू कर अच्छा निर्णय लिया है, लेकिन हाथरस से दिल्ली के किराये में वृद्धि कर यात्रियों की जेब पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया गया है। इसे रेलवे प्रशासन को कम करना चाहिए।
-धीरेंद्र वर्मा, यात्री
कोरोना काल में रेलवे द्वारा पहली बार पैसिंजर ट्रेन का संचालन करने निर्णय स्वागत योग्य है। रेलवे द्वारा किराये में वृद्धि कर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम किया गया है। रेलवे को किराये की दर कम करनी चाहिए।
-अनुज शर्मा, यात्री