न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृज क्षेत्र का लक्खी मेला श्रीदाऊजी अब सरकारी खर्चे पर लगाया जाएगा। सरकार की इस घोषणा पर नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने खुशी जताई है।
बृज की देहरी कहे जाने वाले इस शहर में यह मेला लगभग 110 साल से लग रहा है। यह मेला किला राजा दयाराम व मंदिर श्रीदाऊजी महाराज क्षेत्र में हर साल लगता है। इसमें करीब एक पखवाड़े तक काफी कार्यक्रम होते हैं और लाखों की भीड़ इसमें जुटती है।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा का कहना है कि उन्होंने मेले को राजकीय मेला घोषित करने का अनुरोध किया था। इसे शासन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री से भी इस मेले को राजकीय मेला घोषित कराने की मांग की थी। इस पर प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया था। नगर पालिका ने इससे संबंधित दस्तावेज भी समय-समय पर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा है कि अब बेहद खुशी की बात है कि यह मेला अब सरकारी खर्च पर कराया जाएगा। मेला श्रीदाऊजी महाराज में लोगों को रोजगार मिलेगा। संवाद