न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में पिछले दिनों लगातार बारिश के कारण नष्ट हुई फसल का सर्वे करने के शासन ने निर्देश जारी कर दिए हैं। इस क्रम में एडीएम ने तहसील वार टीमें गठित कर दी हैं, जिससे नुकसान का आकलन किया जा सके। फसल के सर्वे की प्रतिदिन की रिपोर्ट राहत आयुक्त को कंट्रोल रूम पर उपलब्ध करानी होगी।
जिले में पिछले दिनों लगातार बारिश हुई थी। बारिश के कारण खेतों में पानी एकत्रित हो गया था। इस कारण किसान की धान और बाजरा सहित अन्य फसलें भी खराब हो गई थीं। सरसों की बोई गई फसल भी बारिश से खराब हो गई थी। फसल में नुकसान की भरपाई के लिए किसान लगातार प्रशासन और शासन से मुआवजे की मांग कर रहे थे। अब इस मामले में शासन ने भी आदेश जारी कर दिए हैं।
कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में प्रशासन बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में टीमें बनाकर फसल के नुकसान का आकलन कराए और इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन राहत आयुक्त को कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराई जाए। तहसील वार बनाई गईं टीमें क्षेत्र में भ्रमण कर नुकसान फसल का आकलन कर अपनी रिपोर्ट देंगी। संवाद