न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
15 और 16 अक्तूबर को आयोजित होने जा रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2022 की लिखित परीक्षा के संबंध में बृहस्पतिवार को डीएम रमेश रंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्थापक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। डीएम ने परीक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को परीक्षा को सकुशल और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा से पूर्व कक्ष निरीक्षकों की काउंसिलिंग कर लें। परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को एक गेट से ही प्रवेश दिया जाए। प्रवेश के समय की वीडियोग्राफी अवश्य कर लें। इसके अलावा प्रश्न पत्रों के बंडल को खोलने और बंद करने की वीडियो रिकॉर्डिंग कराकर सीडी दो प्रतियों में सुरक्षित रख लें। परीक्षा केंद्र पर कोई भी परीक्षार्थी, कक्ष निरीक्षक और कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं करेंगे। सभी पर्यवेक्षक अपने अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर ससमय पहुंचकर बैठक व्यवस्था, स्वच्छता तथा सुरक्षा आदि की व्यवस्था की पूरी जानकारी प्राप्त करेंगे।
डीएम ने कहा कि सभी पर्यवेक्षक परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पूर्व केंद्र पर उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएंगे। कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते समय मोबाइल, कैलकुलेटर या अन्य कोई इलेक्ट्रानिक डिवाइस, किताबें, नोट बुक अपने साथ नहीं ले जाएगा। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा। यदि कोई परीक्षार्थी किसी दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा दे रहा है तो उसके खिलाफ संबंधित केंद्र व्यवस्थापक मुकदमा दर्ज कराएंगे।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोईनुल इस्लाम ने पीईटी के लिए शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के संबंध में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को पूर्ण जानकारी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक रितु गोयल ने बताया कि 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6912 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात किसी भी प्रकार से बाधित न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल को तैनात किया गया है। परीक्षा के दौरान पुलिस बल भ्रमणशील रहेगा। कानून व्यवस्था को बाधित करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, समस्त स्टेटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट, आयोग द्वारा नामित कार्यदायी संस्था, समस्त परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे। संवाद