संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में शनिवार को ब्लॉक सभागार में गरीब कल्याण मेले एवं राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों का आयोजन कराया गया। मेले में डीपीओ एवं सीडीपीओ ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं एक बच्चे का अन्नप्रासन किया।
डीपीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं हो इसलिए गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार खिलाना चाहिए। सीडीपीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों को पोषण से संबधित जानकारी देने के अलावा फलदार एवं पौष्टिक पौधे लगाने की सलाह दी।
इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन डीपीओ ने फीता काटकर किया। मेले में खाद बीज एवं कीटनाशक के अलावा कृषि यंत्रों के स्टॉल लगाए गए। किसानों को अच्छे खाद बीज एवं कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में लोगों का टीकाकरण किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक हरीशंकर माहौर, ब्लॉक प्रमुख पति दिनेश माहौर, पीडी एके मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी एचएन सिंह, सीडीपीओ धीरेंद्र उपाध्याय, श्रीनिवास पचौरी, ध्रुव शर्मा, सतेंद्र सिंह, गंगा लहरी पाठक, रूपेश उपाध्याय, देवेंद्र शर्मा, भूपेन्द्र शर्मा, अविनाश तिवारी व एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल मंचासीन थे। इसके अलावा ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रवीण वर्मा, अजय चौधरी, विकास चौधरी, पंकज गौतम, विजय, डॉ. सुधीर रावत आदि मौजूद थे।