विद्यालय से 17 किमी दूर बनाया छात्राओं का परीक्षा केंद्र, सीएम से की शिकायत
गंगा इंटर कॉलेज गढ़ उमराव के बच्चों के अभिभावकों ने सीएम को भेजा पत्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करने में मानकों का ख्याल नहीं रखा गया। गंगा इंटर कॉलेज गढ़ उमराव के कक्षा 10 और 12 की छात्राओं का परीक्षा केंद्र विद्यालय से करीब 17 किमी दूर वास पोहपी सादाबाद में बना दिया गया। ऐसे में छात्र छात्राएं परेशान हैं। इन छात्र छात्राओं के अभिभावकों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस पूरे मामले से अवगत कराया है।
अभिभावक रामवीर सिंह, बदन सिंह, सत्यवीर सिंह, सत्यप्रकाश ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में निर्धारित मानक पांच किमी से आठ किमी से अधिक दूरी पर छात्राओं का परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने के शासन के निर्देश हैं, लेकिन इन निर्देशों के विपरीत गंगा इंटर कॉलेज गढ़ उमराव के कक्षा 10 और 12 की छात्राओं का परीक्षा केंद्र विद्यालय से करीब 17 किमी दूर गांव वास पोहपी में बना दिया गया है।
परीक्षा केंद्र निर्धारण में घोर लापरवाही बरती गई है और छात्राओं की सुरक्षा और आने जाने में बर्बाद होने वाले समय का भी ध्यान नहीं रखा गया है। ऐसे में कैसे उनकी बेटियां घर से इतनी दूर परीक्षा देने कैसे जा पाएंगी। पत्र में मानकानुसार परीक्षा केंद्र का निर्धारण किए जाने की मांग की गई है।