न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के डीआरबी इंटर कॉलेज में एक शिक्षक ने एक छात्रा के साथ मारपीट कर दी। छात्रा बेहोश हो गई, जिससे वहां खलबली मच गई। आनन-फानन कॉलेज के अन्य शिक्षक और कर्मचारी छात्रा को पहले निजी अस्पताल लेकर आए और फिर जिला अस्पताल लेकर गए। छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने वहां हंगामा कर दिया। बाद में तबीयत में सुधार होने पर छात्रा को परिजन अपने घर ले गए। इधर, इस मामले में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
शहर के मोहल्ला गड्ढा वाला निवासी 16 वर्षीय हिना पुत्री सलीम डीआरबी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ती है। बृहस्पतिवार को उसकी परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान वह किसी छात्र से परीक्षा के सवाल आदि को लेकर बात कर रही थी। इस पर शिक्षक ने पहले तो उस छात्र को जमकर पीटा। जब छात्रा ने शिक्षक को छात्र की पिटाई को लेकर टोक दिया तो शिक्षक ने उसे भी जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे छात्रा बेहोश होकर गिर गई। यह देखकर वहां खलबली मच गई।
आनन-फानन अन्य शिक्षक व स्टाफ इस छात्रा को निजी अस्पताल लेकर गए और वहां से जिला अस्पताल लेकर आए। छात्रा के परिजन भी कॉलेज पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। तदुपरांत यह लोग जिला अस्पताल लेकर आए। हालत में सुधार होने पर छात्रा को उसके परिजन जिला अस्पताल से अपने घर ले आए। मामला उच्चाधिकारियोें के संज्ञान में भी आ गया।
तदुपरांत कॉलेज के प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त भी कॉलेज पहुंच गए और अपने स्तर से छानबीन कराई। वहां सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। इसमें यह शिक्षक पहले छात्र और फिर छात्रा के साथ मारपीट करता दिख रहा है। प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त ने बताया कि प्रथमदृष्टया इस प्रकरण में शिक्षक अशोक कुमार को दोषी माना गया है और उन्हें निलंबित कर दिया गया है। संवाद