न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास अड्डे पर एक झोलाछाप के इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों ने काफी हंगामा काटा। सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई। बच्ची के परिजनों ने लिखित में कोई शिकायत नहीं की। इसके बाद पुलिस मौके से वापस चली गई।
सोमवार की देर रात को इगलास अड्डा स्थित एक व्यक्ति की तीन साल की बच्ची गंभीर बीमार थी। बताया जा रहा है कि उसका इलाज एक झोलाछाप कर रहा था। सोमवार की देर रात को इलाज के दौरान बच्ची की ज्यादा हालत खराब हुई और फिर उसकी मौत हो गई। जिसे लेकर परिवार के लोगों की झोलाछाप से कहासुनी हो गई।
हंगामा होने पर पुलिस पहुंच गई। इसी बीच यहां पर आए कुछ लोगों ने मामले को शांत करा दिया। पुलिस को भी बच्ची के परिजनों ने लिखित में कोई शिकायत नहीं दी, जिसके बाद पुलिस भी वहां से लौट आई। एसएचओ चतर सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। मौके पर पुलिस को शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भेजा गया था।