हाथरस : निर्वाचन कार्यालय में वरुण एप पर फीड डाटा की निगरानी करते कार्मिक। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भारत निर्वाचन आयोग के वरुण एप के जरिये अब एक क्लिक पर ही जिले के बूथों की लोकेशन अफसर देख सकेंगे। सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को इस एप के जरिये बूथों के फोटोग्राफ अपलोड करने के साथ पूरा ब्योरा अपलोड करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस एप के जरिये ही मतदाताओं के जोड़े गए नए नामों के फॉर्म अपलोड करने के निर्देश जारी गए हैं। जिले के सभी बीएलओ ने इस एप के माध्यम से कार्य करना शुरू कर दिया है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। इस बार आयोग ने वरुण एप लांच किया है। इस एप को सभी बीएलओ के मोबाइल में पंजीकृत कराया गया है। इस एप का प्रयोग करने के लिए बीएलओ को निर्देश जारी किए गए हैं। एप के माध्यम से बीएलओ अब ऑनलाइन ही बूथ पर रहकर अपना कार्य पूरा कर सकेंगे। उन्हें कोई भी दस्तावेज तुरंत जमा करने के तहसील नहीं जाना होगा। बीएलओ इस एप में बूथ की लोकेशन को मैप करेंगे, जिससे अफसर समय आने पर सीधे बूथ पर पहुंच सकेंगे।
इसी एप में बीएलओ मतदाताओं का पूरा ब्योरा भी फीड करेंगे। बूथ पर महिला मतदाता, पुरुष मतदाता के साथ साथ नए बने मतदाताओं और नाम काटे गए मतदाताओं का ब्योरा भी फीड किया जाएगा। बूथ पर सभी सुविधाओं के बारे में जानकारी भी एप पर मौजूद रहेंगी। बूथ की वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ भी अपलोड किए जा रहे हैं। चुनाव से संबंधित अपडेट भी इसी एप के जरिये बीएलओ तक पहुंच रहे हैं। इस एप पर लगातार जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से निगरानी भी की जा रही है। संवाद