हाथरस। हाथरस से दिल्ली के लिए सफर करने वाले यात्री अपना पूरा ब्योरा पहले रोडवेज बस के परिचालक को दे रहे हैं। यात्रियों से उनके दिल्ली जाने का कारण, किस जगह पर उन्हें जाना है जैसे बिंदुओं पर जानकारी ली जा रही है। यह जानकारी रोडवेज बसों के परिचालक दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड पर दे रहे हैं और तब ही स्थानीय बसों को दिल्ली के इस बस स्टैंड पर प्रवेश करने दिया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया जा रहा है।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस कारण सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरती जा रही है। हाथरस डिपो से सुबह से शाम तक कई बसों का नोएडा व दिल्ली के लिए संचालन होता है। हाथरस डिपो की बस में दिल्ली जाने वाले यात्रियों का परिचालकों द्वारा नाम, पता, आदि लिखा जा रहा है। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि दिल्ली में किस काम से किस जगह जा रहे हैं। यदि वहीं के रहने वाले हैं, तो यहां किस जगह से वापस जा रहे हैं। इसके लिए हाथरस डिपो के परिचालकों को सफेद कागज भी सौंपे गए हैं।
यह परिचालक यात्रियों का पूरा ब्योरा तैयार कर आनंद विहार बस स्टैंड के गेट पर दे रहे हैं। ब्योरा देने के बाद ही स्थानीय बस को दिल्ली के इस बस स्टैंड परिसर में प्रवेश करने दिया जा रहा है। स्टेशन प्रभारी वीरी सिंह का कहना है कि दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड पर जाने वाली बसों के परिचालक द्वारा पहले यह ब्योरा देना होता। उसके बाद यहां की बस को वहां बस स्टैंड पर प्रवेश करने दिया जाता है। यात्रियों के नाम और पते के अलावा दिल्ली में किस जगह जा रहे हैं, आदि जानकारी भी इसमें दर्ज की जा रही है। यह सब कोरोना संक्रमण को देखते हुए किया जा रहा है।