न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र में नाई का नगला के निकट एक मंदिर के पास किसी शरारती तत्व ने खून में सने मुर्गी के पंख को फेंक कर माहौल खराब करने की कोशिश की। हालांकि उसे पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस व्यक्ति ने खून से मुर्गी के पंख फेंक दिए थे। अब उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के नाई का नगला के निकट टेलीफोन एक्सचेंज है। यहीं पर एक हनुमान मंदिर है। यहां पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा खून में सने मुर्गी के पंख फेंक दिए गए थे, जिससे धार्मिक उन्माद पैदा होते-होते बच गया। इसके बाद बृहस्पतिवार की रात को एक व्यक्ति ने यहां पर खून में सने मुर्गी के पंख फेंक दिए। इसे लेकर यह शोर मच गया कि किसी ने मंदिर के पास मांस के टुकड़े फेंक दिए हैं।
सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। यहां पर देखा कि कचरे के पास खून में सने मुर्गी के पंख पड़े थे। यहां पर पंख फेंकने वाले आरोपी रफीक पुत्र इदू खां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली सदर प्रभारी एके सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने मंदिर के पास मुर्गी के पंख फेंक दिए थे। पंख फेंकने वाले के खिलाफ शांति व्यवस्था खराब करने पर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।