हाथरस : गांजा तस्करी के मामले का खुलासा करते एसपी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
थाना सासनी पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 158 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत 24 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक ने सासनी पुलिस की पीठ थपथपाई है।
कोतवाली सासनी पुलिस द्वारा मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम नगला ताल में छापामारी कर मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से 24 लाख रुपये कीमत का 158 किग्रा अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा को जनपद मथुरा और राजस्थान से लाते थे और हाथरस जिले में लाकर फुटकर में लोगों को बेच देते थे। इनसे और गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पकड़े गए अभियुक्तों ने अपने नाम मोरध्वज उर्फ गोलू पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम नगला ताल थाना सासनी, गौरव पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम नगला ताल, नरेश पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम नगला ताल व जवाहरलाल पुत्र हुलासीराम निवासी नगला ताल सासनी बताए। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना, चौकी प्रभारी विपिन यादव, चौकी प्रभारी गौहाना शांतिशरण यादव, कांस्टेबल दिनेश कुमार व हिमांशु शामिल थे।