न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली महकमे के अफसरों का अब ग्रामीण अंचल में मीटर लगाने पर खासा ध्यान है। अब तक ग्रामीण अंचल में 55 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं। साढ़े चार हजार लोग बिजली मीटर नहीं लगवा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने कई बार इनके मीटर लगाने का प्रयास किया, लेकिन आज तक सफलता हाथ नहीं लगी है। हर माह विभाग को हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। इसे लेकर विभागीय अधिकारी खासे परेशान हैं।
उल्लेखनीय है कि निगम के आला अफसरों का आदेश है कि जितनी बिजली दी जा रही है, उसके हिसाब से राजस्व भी चाहिए। अब शहर के बाद गांवों में उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने पर पूरा जोर है। वर्ष 2020 में विभागीय अधिकारियों ने करीब 55 हजार घरों में मीटर लगवा दिए हैं। करीब साढ़े चार हजार लोगों ने मीटर नहीं लगवाए हैं।
जब भी इनके यहां मीटर लगाने टीम जाती है तो लोग विरोध कर देते हैं। इस कारण जिले में शत-प्रतिशत मीटर लगाने का लक्ष्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। हर माह विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। एक्सईएन टेस्ट प्रमोद कुमार कुशवाहा का कहना है कि जिले में साढ़े चार हजार लोग मीटर नहीं लगा दे रहे हैं। अब इनसे सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस बल के साथ मीटर लगाए जाएंगे।