न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बीते माह कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की आगोश में समाने वाले दिवंगत लोगों की याद में वन विभाग द्वारा कार्यालय में स्मृति वन लगाया जाएगा। जिले के 47 लोगों की याद में पौधरोपण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार साल-दर-साल पौधरोपण के लक्ष्य को बढ़ा रही है। पिछले साल जिले में 18 लाख पौधों का रोपण हुआ था। इस साल 22 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। इस बार पीपल और नीम के अलावा आयुर्वेद से संबधित अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे।
जिले में वन महोत्सव सप्ताह की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत वन विभाग द्वारा पौधरोपण भी शुरू कर दिया गया है। विभाग द्वारा कोरोना से दिवगंत हुए लोगों की याद में कार्यालय परिसर में स्मृति वन लगाया जाएगा। वन विभाग को जिला प्रशासन की ओर से 47 लोगों की सूची दी गई है। इन पौधों को लगाने के साथ पौधों पर दिवगंत लोगों के नाम की प्लेट भी लगाई जाएगी।
कोरोना वारियर्स के सम्मान में लगाए पौधे
हाथरस। वन महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को कोरोना वारियर्स के सम्मान में मुख्य चिकित्सा अधिकरी कार्यालय परिसर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पौधे लगाए गए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. शादाब, वन विभाग की ओर से जितेंद्र सिंह, एसआर ओझा, अली हसन, भुवनभूषण शर्मा, रनवीर सिंह, राजकुमार आदि ने अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। संवाद