पहले युवक ने किया दुष्कर्म, फिर साथियों ने की छेड़खानी
पीड़ित युवती के फोटो भी किए वायरल
दो माह पहले शुरू हुए इस घटनाक्रम की पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, शेष की तलाश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुरसान क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से दुष्कर्म और उसके बाद फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। इस युवती के साथ 20 सितंबर को दुष्कर्म किया गया और करीब सवा महीने बाद दुष्कर्म करने वाले युवक के साथियों ने इस युवती के साथ छेड़खानी की। इस युवती के फोटो भी वायरल कर दिए। अब युवती के पिता ने पूरे घटनाक्रम का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मुरसान क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती 20 सितंबर की शाम सात बजे खेत में शौच के लिए जा रही थी। इस बीच रास्ते में मिला आरोपी युवक बृजेश उसे जबरन चरी के खेत में खींचकर ले गया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। यहीं नहीं उसके आपत्तिजनक फोटो भी खींच लिए। किसी को न बताने की बात कहते हुए आरोपी ने उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी।
करीब डेढ़ माह पूर्व 28 अक्तूबर की सुबह गांव के ही गुलवीर और लाखन ने घेर पर जाते वक्त युवती को रास्ते में रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जान से मारने की धमकी दी। यह भी कहा कि उसके फोटो वायरल कर देंगे और फिर आरोपियों ने उसके व्यक्तिगत फोटो को सार्वजनिक कर दिया। इसकी जानकारी पिता को हुई तो उसके होश उड़ गए। बेटी से पूरे मामले की जानकारी ली, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। दुष्कर्म के आरोपी बृजेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ सत्यप्रकाश ने बताया कि इस मामले में दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।