न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
मारहरा को छह विकेट से हराकर फिरोजाबाद की टीम टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन बन गई। विजयी टीम को 1.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी दी गई। मैन ऑफ द मैच फिरोजाबाद के कामरान और मैन ऑफ द सीरीज मारहरा के शिवली को घोषित किया गया।
नगर पालिका क्रीड़ा स्थल में आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल रविवार को फिरोजाबाद किड्स क्रिकेट क्लब व मारहरा के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने के लिए मारहरा की टीम मैदान में उतरी। शुरुआत में ही फिरोजाबाद ने मारहरा के तीन बल्लेबाजों को आउट कर टीम को दबाव में ला दिया। मारहरा की टीम 20 ओवर में 149 रन ही बना सकी।
मारहरा के बल्लेबाज शिवली ने दो चौकों व पांच छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। फिरोजाबाद ने चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। फिरोजाबाद की ओर से कामरान ने तीन चौकों व पांच छक्कों की मदद से नाबाद 56 रन बनाए। अंकित लवी ने 38 रन की पारी में पांच छक्के व दो चौके लगाएं। सुल्तान ने तीस रन की पारी खेली।
सभी खिलाड़ियों ने दिया खेल भावना का परिचय : इकराम कुरैशी
इससे पूर्व मैच का शुभारंभ पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, समाजसेवी एवं प्रवक्ता इकराम कुरैशी, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान, सत्यप्रकाश यादव ने रिबन काट कर कराया। मौके पर इकराम ने कहा कि कोरोना काल के बाद बड़े आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को मनोरंजन करने का मौका मिला। प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में दर्शकों ने मैच का लुत्फ उठाया। हर टीम ने खेल भावना का परिचय देते हुए बढ़िया क्रिकेट खेला। मैच में अंपायरिंग राशिद अंसारी व इकरार कुरैशी ने की। स्कोरर की भूमिका शरीफ अली ने निभाई। कमेंटरी इमरान तारिक, राजेंद्र वार्ष्णेय, मेहरबान कुरैशी व राजा कुरैशी ने की। मौके पर कमेटी के पंकज पचौरी, मुशीर कुरैशी, सगीर अहमद, अभिषेक सभासद, वारिस कुरैशी, सद्दाम कुरैशी, केके राघव उर्फ पिंकू भईया व खलील खां आदि थे।