न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गांव खुटीपुरी के समीप शेरखां मार्ग पर हाईटेंशन तार में फॉल्ट होने से खेत में आग लग गई। आग लगने से करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग बुझाने में कई लोग झुलस गए। इससे आक्रोशित ग्रामीण ने खुटीपुरी बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार, लेखपाल, कानूनगो ने आकलन कर किसानों को मुआवजा दिलाने की बात कही।
यदुनाथ पुत्र जगदीश निवासी खुटीपुरी मुरसान ने बताया कि बुधवार की दोपहर को उसके खेत के निकट में विद्युत लाइन में अचानक फॉल्ट हो गया और चिंगारी गेहूं की फसल पर गिर गई। जिससे गेहूं की फसल में आग लग गई। आग लगती देख गांव के काफी लोग मौके पर आए और बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन, आग ने विकराल रूप ले लिया और यदुनाथ, रामवीर, किशन सिंह, शिवराम व अन्य किसानों की करीब चालीस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
आग को बुझाने के लिए गांव के कई ट्रैक्टर भी मौके पर आ गए। जिसमें वीरेंद्र पुत्र गिर्राज प्रसाद निवासी खुटीपुरी का ट्रैक्टर आग से झुलस गया। आग बुझाने में कई लोगों के हाथ पैर भी झुलस गए हैं। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खुटीपुरी बिजलीघर पर हंगामा किया।
लोगों का कहना है कि बिजली घर के निकट पिछले कई साल से लगातार गेहूं की फसल में आग लगती चली आ रही है, लेकिन विभाग खेतों के निकट से जर्जर हाईटेंशन तारों को नहीं हटा रहा है। इधर, फसल में आग लगने की सूचना पर ग्राम प्रधान भोपाली शर्मा व नेता शर्मा के साथ अन्य लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने प्रशासन को किसानों की फसलों में आग लगने की सूचना दी। तहसीलदार प्रवीण कुमार शर्मा, कानूनगो व लेखपाल भी गांव आ गए और किसानों की जली हुई फसल का मुआवजा देने के लिए आकलन किया है।