न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्लॉक सासनी की ग्राम पंचायत सठिया के ग्राम प्रधान के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकारों को प्रशासन ने सीज कर दिया है। ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में अनियमितता मिलने पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने यह कार्रवाई की है। जांच में ग्राम पंचायत में 14 लाख 17 हजार रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई थी।
ब्लॉक सासनी के ग्राम पंचायत सठिया में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत हुई थी। शिकायत पर डीएम ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने जांच में पाया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए कामों में 14 लाख 17 हजार रुपये की अनियमितता की गई है। इसके लिए ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को दोषी माना गया और दोनों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया। इस मामले में गवाहों को प्रस्तुत करने के निर्देंश दिए गए।
जांच समिति ने ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को तथ्यहीन मानते हुए खारिज किया गया है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने ग्राम प्रधान सुमित सिंह के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकारों को सीज कर दिया है। उन्होंने मामले की अंतिम जांच अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को सौंपी है। डीएम ने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत समिति की बैठक बुलाकर जल्द तीन सदस्यीय कमेटी गठित की जाए।