न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी बहराम में पशुओं को नल पर पानी पिलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक किशोरी घायल हो गई। घायल किशोरी की मां ऊषा देवी पत्नी भगवती प्रसाद ने गांव की दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है।
तहरीर में महिला ने कहा है कि उनके घर के सामने लगे नल पर उनका पड़ोसी वीरेंद्र पुत्र जुगेंद्र सिंह अपने सभी पशुओं को एक साथ पानी पिलाता है, जिससे उनके घर का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है।
जब उससे एक-एक करके पशुओं को पानी पिलाने के लिए कहा गया तो उसने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में उसको और उसकी पुत्री को चोट पहुंची है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर वीरेंद्र एवं उसकी पत्नी सुमन देवी, उसकी मां गोमा देवी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।