हाथरस : एक दुकान से तेल के नमूने लेती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
दिवाली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग (एफडीए) की टीम ने शनिवार को कई जगहों पर छापा मारा। टीम ने मिठाइयों के नमूने लिए। खराब गुणवत्ता के कारण करीब एक क्विंटल छेना की मिठाई को फिंकवा दिया। कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली मची रही।
एफडीए की टीम ने सर्वप्रथम हाथरस सदर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव में एक घर में बने मिठाई के कारखाने पर छापा मारा। वहां से दो सफेद एवं दो हरे रंग के छैना की मिठाई के नमूने लिए। वहां खराब गुणवत्ता के लगभग 100 किग्रा छेना को फिंकवा दिया गया। जलेसर की ओर जाने वाली एक दूध की गाड़ी जलेसर में राजबहादुर डेरी पर दूध डालने जा रही थी। इसमें साढ़े छह क्विंटल दूध भरा था। टीम ने इस गाड़ी को रोककर इसमें से भी दूध का नमूना लिया।
इसके बाद पूरी टीम पुलिस के साथ कस्बा सहपऊ पहुंची। व्यापारियों ने टीम को देखकर दुकानों के शटर बंद कर लिए। टीम ने कस्बा सहपऊ में ओम प्रकाश राजकुमार किराना के यहां से तेल, मुन्नालाल किराना की दुकान से बेसन एवं विनोद चौधरी की दुकान से भी खुले तेल का नमूना लिया। इसी दुकान पर 30 लीटर खुले तेल को सीज कर दिया।
टीम ने चंदपा पहुंचकर सनी मिष्ठान भंडार से मावा और श्रीराम मिष्ठान से दो छैना के नमूने लिए। खाद्य सहायक सुरक्षा आयुक्त रणधीर सिंह का कहना है कि टीम की कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएल वर्मा, राकेश कुमार, अरविंद कुमार, सुरेश कुमार, मुनेन्द्र राणा, ओंकार कुशवाहा आदि थे।