न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बारिश की वजह से शनिवार को लाइन में फॉल्ट आ गया। फॉल्ट आने की वजह से शहर से देहात तक लगभग पांच घंटे तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों का कामकाज प्रभावित हो गया। पानी के लिए भी लोगों को तरसना पड़ा।
शहर, देहात एवं कस्बा में बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। जरा सी बारिश में बिजली धोखा देने लगी है। शनिवार की सुबह हुई बारिश से शहर के ओढ़पुरा, गिजरौली, प्रगतिपुरम, नवीपुर, कला, गिजरौली, कांशीराम टाउनशिप आदि सबस्टेशनों से निकलने वाली लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण लोगों को करीब पांच घंटे बिजली की आंख मिचौली का सामना करना पड़ा। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके।
घरों में लगे विद्युत उपकरण शोपीस बने रहे। ग्रामीण अंचल में दोपहर तक बिजली गुल रही। इस कारण किसानों को भी नलकूप संचालन में दिक्कतें आई। इस मामले में अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि बारिश के दौरान कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही है। फॉल्ट दूर करने के साथ आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। संवाद
- जरा सी बारिश में बिजली गुल होना आम बात हो गई। शनिवार को बारिश के चलते कई घंटे बिजली गुल होने से दिनचर्या प्रभावित हुई है। काफी दिक्कतों से जूझना पड़ा है। - ललित शर्मा
- बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। कभी रात में तो कभी दिन में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। इससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। विभाग समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। - अधीर पचौरी।
- एक तरफ सरकार बेहतर बिजली आपूर्ति के दावे करती है वहीं, दूसरी ओर बिजली सिस्टम भगवान भरोसे चल रहा है। लाइनों में फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति पर्याप्त नहीं मिल पा रही है। - रामजीलाल शर्मा।
- उमस भरी गर्मी के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आए दिन काफी काफी देर बिजली गुल होना आम बात हो गई है। बिना बिजली के आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। - वीरेंद्र पूनिया