ससुर ने की अश्लील हरकत, पति ने की मारपीट
पीड़ित महिला ने तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। एक महिला के साथ उसके ससुर ने अश्लील हरकत की। महिला ने जब अपने पति से इसकी शिकायत की तो पति ने भी इस महिला के साथ मारपीट की। इस मामले में पीड़िता ने कोतवाली सदर में तहरीर दी है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली इस महिला ने कहा है कि उसकी शादी 14 साल पहले हुई थी। शादी के बाद तीन बच्चे भी हुए। उसके पति को शराब पीने की लत लग गई। पीड़िता का आरोप है कि 14 नवंबर को जब वह अपने घर में सो रही थी तो इसी दौरान उसके ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकत की।
इस पर उसने अपने ससुर को कमरे से बाहर निकाल लिया। उसने इसकी शिकायत जब अपने पति से की तो उल्टे उसके पति ने ही उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसके ससुर व पति ने उसे घर से निकाल दिया है। मारपीट में उसके काफी चोटें आई हैं। कोतवाली निरीक्षक का कहन है कि इस मामले में जांच कराई जा रही है।