न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कृषि विभाग की ओर से जिले के किसानों को टिड्डियों से बचाव को लेकर जागरूक किया जाएगा। इसे लेकर विभाग की ओर से न्याय पंचायत वार टीमें गठित कर दी गई हैं। यह टीमें न्याय पंचायतों में गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को रसायन घोल बनाए जाने के बारे में जागरूक करेंगे।
राजस्थान के जैसलमेर में टिड्डियों के दल दिखाई देने के बाद कृषि विभाग की ओर जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसे लेकर यहां कृषि विभाग की ओर से जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। किसानों को लगातार टिड्डी दल से बचाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
वहीं कृषि विभाग की ओर से अब किसानों को जागरूक किए जाने के लिए न्याय पंचायत वार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर कृषि विभाग की ओर से न्याय पंचायत वार नोडल अधिकारियों की निगरानी में टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीमें न्याय पंचायतों पर गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को टिड्डी दल आने की स्थिति किए जाने वाले कार्य के बारे में जानकारी देंगी।
वहीं रसायन घोल बनाकर टिड्डियों को खत्म करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों के पास मौजूद संसाधनों का प्रयोग कर टिड्डयों से निपटने को लेकर कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के फोन नंबर भी एकत्रित किए जा रहे हैं, जिससे तत्काल सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा सके।