न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आवारा पशुओं से खेत की रखवाली कर रहा किसान नलकूप के बोरिंग में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिजन खेत पर पहुंचे तो शव को बोरिंग से बाहर निकाला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सीर सोखना निवासी महेशचंद्र (44 वर्ष) पुत्र गुलाब सिंह रोजाना अपने खेतों की आवारा पशुओं से रखवाली करता था। शुक्रवार की देर रात को भी वह खेतों की रखवाली करने गया था, लेकिन शनिवार सुबह तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई और उसे खेत पर तलाश करने पहुंचे।
काफी तलाश के बाद जैसे ही परिजन नलकूप के बोरिंग के पास पहुंचे तो उसकी एक चप्पल वहीं पड़ी दिख गई। बोरिंग में झांककर देखा तो उसमें महेंशचंद्र पड़े थे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। शव को बोरिंग से बाहर निकाला गया और फिर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संवाद